प्लेन से उतरते ही बिहार में शराबबंदी के नाम पर डराया जाता है : आरसीपी

नालंदा : बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद करीबी रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने ने कहा है कि, शराबबंदी का भय दिखाकर बिहार में लोगों को डराया जाता है। इसी कारण कोई भी पर्यटक बिहार में रुकना नहीं पसंद करता है। इससे पर्यटन क्षेत्र में सूबे को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नालंदा में एक शादी समारोह में शामिल होने आए पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पटना एयरपोर्ट पर उतरते ही जहां पर्यटकों का स्वागत किया जाना चाहिए, उन्हें शराबबंदी के नाम पर डराया-धमकाया जाता है। उन्होंने कहा कि, हमारे राज्य का सभ्यता काफी धनी है। हमारे यहां नालंदा, राजगीर, पावापुर, बोधगया और बगहा है। यहां बहुत पर्यटक स्थल हैं, जहां लोग आते हैं। लेकिन अब लोग क्यों बड़ी संख्या में नहीं आ रहे हैं, इसके पीछे कई कारण हैं। उसमें से पहला कारण बिहार में एक भी 5 स्टार होटल नहीं होना है इसके अलावा सबसे बड़ी वजह बिहार में पूर्ण शराबबंदी होना है।
उन्होंने कहा कि जब भी कोई यात्री प्लेन के जरिए पटना एयरपोर्ट पर उतरता है तो उसे यह एनाउंसमेंट सुनाई देता है कि आप बिहार पहुंच गए हैं। यहां शराब पीना अपराध है। शराब रखना अपराध है। पता नहीं मुख्यमंत्री जी को कैसा लगता होगा। लेकिन मैं अपनी बात बताता हूं कि सबसे पहले क्या बताना चाहिए। जब प्लेन लैंड करे बिहार में तो बताना चाहिए कि यह बुद्ध की धरती है, महावीर की धरती है। यहां आपका स्वागत है। हमारे यहां नालंदा यूनिवर्सिटी है, उसका प्रचार होना चाहिए। लेकिन यहां तो आपको सबसे पहले डराया जाता है। इससे पर्यटन पर असर पड़ता है। लोगों का अपना लाइफस्टाइल होता है।
एक ही बार तीनों टाइम का ताड़ी कैसे निकल जाएगा?
आरसीपी ने कहा कि मैं तो कहता हूं कि तत्काल शराबबंदी को खत्म कर देना चाहिए। लेकिन, राज्य सरकार अब ताड़ी बेचनेवालों को पकड़ रही हैं। हकीकत यह है कि बिहार के सीएम कभी गांव में रहे नहीं। इसलिए उन्हें यह मालूम नहीं की गांव में कितना ताड़ का पेड़ है और इससे कितना रोजगार है। ऐसे में ताड़ी बंद हो जायेगा तो वो लोग कहां जाएंगे, क्या रोजगार करेंगे? लोग हमेशा से ताड़ी पीते रहे हैं। आप नीरा की बात करते हैं। ताड़ी दिन में तीन बार निकलता है। एक ही बार तीनों टाइम का ताड़ी कैसे निकल जाएगा? आखिर किसने नीतीश कुमार को यह सब समझा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *