राजदीप की बहादुरी को सलाम: दोस्तों की जान बचाई, खुद गंगा में समा गया

भागलपुर। सावन की तीसरी सोमवारी पर गंगा स्नान के दौरान 16 वर्षीय किशोर राजदीप कुमार ने जो कर दिखाया, वह किसी वीरगाथा से कम नहीं। अपनी जान की परवाह किए बिना उसने तीन दोस्तों की जान बचा ली, लेकिन खुद गंगा की लहरों में समा गया।

यह हृदयविदारक घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दारापुर दियारा घाट की है। राजदीप बबरगंज थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी मनोज साह का पुत्र था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने चार दोस्तों के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुँचा था।

मित्रों की जान बचाने वाला सच्चा दोस्त

स्नान के दौरान दो लड़कियाँ और एक लड़का अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बिना एक पल गंवाए, राजदीप ने साहस दिखाते हुए तीनों को किसी तरह बाहर खींच लिया। लेकिन इस कोशिश में वह खुद तेज धार में बह गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत नाविकों को सूचना दी। लगभग दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसका शव गंगा से निकाला गया।

मौन श्रद्धांजलि में डूबा इलाका

राजदीप की बहादुरी और बलिदान की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जिसने भी सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। वह न केवल एक बहादुर बेटा था, बल्कि अपने दोस्तों के लिए जीवन समर्पित करने वाला सच्चा नायक भी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *