खूंटी में तीन महीने से राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश,जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया ज्ञापन
खूंटी जिले के सरगया पंचायत अंतर्गत तेंगाड़ी गांव के लगभग दो दर्जन लाभुकों को बीते तीन महीनों से राशन नहीं मिल रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को सैकड़ों ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और जिला आपूर्ति पदाधिकारी भीम उरांव से मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित राशन डीलर न तो चावल दे रहा है और न ही गेहूं उपलब्ध करा रहा है। महिला लाभुक सुकरू मुंडा, सहदेव मुंडा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अंगूठा (थोपा) लगवाने के बाद भी राशन नहीं दिया जाता, जिससे गरीब परिवारों के समक्ष भोजन का संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहना उनके जीवन को प्रभावित कर रहा है। कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद जब समाधान नहीं हुआ, तब मजबूर होकर उन्हें जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी भीम उरांव ने संबंधित राशन डीलर से स्पष्टीकरण मांगा है और शीघ्र जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी उन्हें राशन नहीं मिला तो वे उपायुक्त से मुलाकात करेंगे। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को विवश होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी राशन डीलर पर कड़ी कार्रवाई हो और सभी लाभुकों को नियमित रूप से समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।



