स्वतंत्र, निष्पक्ष भयमुक्त व पारदर्शी चुनाव सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता :आयुक्त
पटना। प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह व पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी व उत्तरदायित्वपूर्ण माहौल में विधानसभा आम निर्वाचन सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर व प्रतिबद्ध रहें। वे सोमवार को आयुक्त कार्यालय स्थित सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित एक समीक्षात्मक बैठक में विधानसभा आम निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। इसमें प्रमंडल अन्तर्गत सभी छः जिलों-पटना, नालन्दा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास व कैमूर-के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, उप निर्वाचन पदाधिकारी व अन्य जिला-स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। गौरतलब हो कि
आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों व वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षकों को भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। वहीं
आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए निरोधात्मक कार्रवाई व शस्त्र अनुज्ञप्ति एवं दुकानों का सत्यापन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। असामाजिक तत्वों के विरूद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्रभावी कार्रवाई किया जाए। पूर्व के वृत्तांत को देखते हुए आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों के विरूद्ध सजग रहकर विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने शस्त्रों की अनुज्ञप्तियों का सत्यापन कराने व शस्त्र अधिनियम का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कहा कि चुनाव के अवसर पर विभिन्न कोषांग क्रियाशील रखें। सभी वरीय नोडल पदाधिकारी व नोडल पदाधिकारी अंतर्काेषांगीय समन्वय सुनिश्चित कर अपने-अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन करेंगे।
आयुक्त ने अधिकारियों को मद्य निषेध का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने सभी जिला पदाधिकारियों को मतदान केन्द्रों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं यथा पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, रैम्प, साइनेज, शेड, फर्नीचर इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निदेश दिया। पदाधिकारियों को इसका भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।
आयुक्त ने निदेश दिया कि कार्मिकों की आवश्यकता का आकलन कर लें तथा इसके अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करें। ईवीएम-वीवीपैट वितरण स्थलों, वज्रगृह स्थलों, अर्द्ध सैनिक बलों का आवासन एवं परिवहन, तकनीकी प्रबंधन, वाहनों की आवश्यकता के अनुसार उपलब्धता सहित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। आयुक्त ने कहा कि भेद्यता मानचित्रण, मतदान केन्द्रों पर एएमएफ की उपलब्धता, ईवीएम को किस तरह से मतदान केन्द्रों पर ले जाया जाएगा, पोलिंग पार्टी, पुलिस ऑफिसर एवं फोर्स की व्यवस्था, वाहन प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, विधि-व्यवस्था का संधारण इत्यादि निर्वाचन के मुख्य आधार-स्तंभ हैं।
आयुक्त ने कहा कि हम लोकतंत्र के इस उत्सव को एक सुखद अनुभव बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सभी निर्वाचकों से अपील है कि वे आनेवाले विधानसभा चुनाव में वोट जरूर दें। इससे हमारा समृद्ध लोकतंत्र और प्रस्फुटित होगा तथा इसे नया आयाम मिलेगा।



