थाना बना संवाद का मंच, जनता की आवाज़ से गूंजा सुलतानगंज
भागलपुर। जिले के सुलतानगंज में कानून-व्यवस्था को कागजों से निकालकर ज़मीनी हकीकत से जोड़ने की कोशिश उस वक्त देखने को मिली, जब गुरुवार को सुलतानगंज थाना परिसर आम जनता और पुलिस के खुले संवाद का गवाह बना। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में पुलिस और नागरिक आमने-सामने बैठे और बिना औपचारिकता अपनी-अपनी बातें रखीं।कार्यक्रम की अगुवाई भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने की। उनके साथ विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार भी मौजूद रहे। शहर के अलग-अलग मोहल्लों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य लोगों ने बेझिझक अपनी समस्याएं सामने रखीं।
संवाद के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था, रोज़ लगने वाले जाम और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर हुई। वहीं, अजगैबीनाथ गंगा घाट पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ाई। नागरिकों ने साफ तौर पर कहा कि यदि ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, तो जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है।
लोगों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए एसएसपी हृदय कांत ने कहा कि जन संवाद कोई रस्म नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे की कड़ी है। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यातायात नियंत्रण, गंगा घाट की सुरक्षा और शहर की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।एसएसपी ने बताया कि अपराध पर लगाम कसने के लिए शहर में तीन शिफ्ट में नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है। पेशेवर अपराधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए गठित अभया ब्रिगेड स्कूलों और कोचिंग संस्थानों से जुड़कर जागरूकता का काम कर रही है। उन्होंने सूखे नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की बात कहते हुए आम लोगों से सहयोग की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी दे सकते हैं। महिला संबंधी मामलों में सुलतानगंज थाना में तैनात महिला पुलिस पदाधिकारी से सीधे संपर्क की सुविधा उपलब्ध है।एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जन संवाद में जो भी इनपुट और सुझाव मिले हैं, उन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश टीम को दे दिए गए हैं। यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरती जाएगी और प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। जाम से निपटने के लिए विशेष पुलिस टीम की तैनाती भी की जाएगी।कार्यक्रम से पहले एसएसपी ने थाना में लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। जन संवाद कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्ध नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



