प. नेहरू को पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, राहुल व खड़गे ने शांति वन जाकर किया याद

नई दिल्ली : देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की आज शनिवार 27 मई को 59वीं पुण्यतिथि है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पीएम नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा-पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूर्व पीएम नेहरू की पुण्यतिथि पर उनके समाधि स्थल शांति वन पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
नेहरू के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं : खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी, उनके प्रगतिशील विचारों ने चुनौतियों के बावजूद भारत के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को दृढ़ता से आगे बढ़ाया। ‘हिन्द के जवाहर’ को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।
नेहरू की विरासत हमेशा रहेगी : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता और नेहरू के पडनाती राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की विरासत हमेशा रहेगी। भारत के विचार और स्वतंत्रता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और आधुनिकता के उन मूल्यों पर मशाल की तरह प्रकाश डालती रहेगी, जिसके लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया।।उनकी दूरदर्शिता और अहमियत हमेशा हमारी अंतरात्मा और कार्यों का मार्गदर्शन करते हैं।
नेहरू ने हमारे गणतंत्र की नींव रखी : वेणुगोपाल
कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट करते हुए लिखा-एक महान स्वतंत्रता सेनानी। एक दूरदर्शी प्रधानमंत्री। एक लोकतांत्रिक शख्स जिसने हमारे गणतंत्र की नींव रखी। दुनिया भर में सम्मानित एक राजनेता। पंडित नेहरू ने अपने सभी उत्तराधिकारियों के अनुसरण के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया। पंडित जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत शत नमन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *