टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी ढाई बजे होटल से एयरपोर्ट के लिए हुए रवाना, रेडिशन ब्लू के बाहर जुटी फैंस की भीड़

रांची: भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद रांची में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। मैच में मिली जीत ने पूरे शहर में जश्न का माहौल बना दिया है। इसी बीच दोनों टीमों के खिलाड़ी आज रांची से दिल्ली रवाना होने की तैयारी में हैं। खिलाड़ी राजधानी रांची स्थित होटल रेडिशन ब्लू में ठहरे हुए हैं, जहां सुबह से ही क्रिकेट फैंस का भारी जमावड़ा लगना शुरू हो गया है।
फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों—खासकर विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह—की एक झलक पाने के लिए घंटों से होटल के बाहर खड़े हैं। कई युवा अपने मोबाइल कैमरे में खिलाड़ियों की तस्वीरें कैद करने और उनसे ऑटोग्राफ लेने की उम्मीद में लाइन लगाए हुए हैं। होटल के बाहर चार लग्जरी बसें खिलाड़ियों को एयरपोर्ट ले जाने के लिए तैयार खड़ी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्कॉट गाड़ियां और पुलिस बल भी तैनात किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार दोपहर ढाई बजे टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका दोनों टीम के खिलाड़ी होटल से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से दोपहर 3:30 बजे उनकी फ्लाइट दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। होटल से लेकर एयरपोर्ट तक पूरे मार्ग पर फैंस की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। उत्साहित क्रिकेट प्रेमी अपने चहेते खिलाड़ियों को एक नजर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वहीं खिलाड़ियों का इंतजार करते कोकर की ममता,मुकेश,रोहन,विजय,सुकेश सहित कई लोगों ने कहा कि खिलाड़ी की एक झलक देखने को मिल जाए यही तमन्ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *