होटल केन की चौथी मंजिल से गिरने से एक व्यक्ति की मौत,मुआवजा की मांग,होटल मालिक फरार
रांची: राजधानी रांची के मेन रोड स्थित होटल केन में सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हुए हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। होटल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी 22 वर्षीय मंटू शर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से पाइप रिपेयरिंग का काम करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, मंटू होटल के पीछे स्थित दीवार पर पाइप रिपेयरिंग का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ फिसल गया और वह संतुलन खो बैठा। ऊंचाई से गिरने पर उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
घटना के बाद होटल का मालिक फरार बताया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। ठेकेदार महेंद्र चौधरी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मजदूर को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद नाराज़गी जताई और ठेकेदार से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। उनका कहना है कि मंटू को काम के दौरान सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराया गया था। यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो उसकी जान बच सकती थी।
पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि लापरवाही किस स्तर पर हुई और कौन जिम्मेदार है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को रिम्स भेज दिया गया है। इस हादसे ने एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



