गव्य प्रशिक्षण एवं प्रसार संस्थान में पौधरोपण

रांची:पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाना काफी फायदेमंद है। पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। इसलिए पौधों का संरक्षण और संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। उक्त बातें गव्य विकास निदेशालय के निदेशक शशि प्रकाश झा ने कही। श्री झा रविवार को एचईसी परिसर स्थित गव्य प्रशिक्षण एवं प्रसार संस्थान में गव्य निदेशालय,झारखंड एवं स्वयंसेवी संस्था कर्मयोग इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मानव जीवन के लिए प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण का काफी महत्व है। पर्यावरण को बचाने रखने के लिए पौधारोपण अत्यंत जरूरी है। इस दिशा में सबों की सामूहिक सहभागिता से ही यह प्रयास सफल हो सकता है।
पौधरोपण कार्यक्रम में कर्मयोग इंडिया फाउंडेशन, बोकारो की सचिव डॉ. संगीता झा एवं उनकी टीम ने सहयोग किया।
इस मौके पर लगभग ढाई सौ फलदार, छायादार,औषधीय व पशु चारा से संबंधित पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में हजारीबाग, बोकारो, गढ़वा व सिमडेगा जिले के लगभग छह दर्जन महिला एवं पुरुष पशुपालक व दुग्ध उत्पादक मौजूद थे। पशुपालकों व दुग्ध उत्पादकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश संप्रेषित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर रांची के जिला गव्य विकास पदाधिकारी कौशलेंद्र कुमार सिंह, गव्य विकास विभाग के ओमप्रकाश सिंह, मनोज कुमार, गिरीश कुमार, संतलाल प्रसाद सहित गव्य तकनीकी पदाधिकारी एवं अन्य मौजूद थे। उक्त जानकारी सेवानिवृत्त गव्य विकास पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *