खूंटी की बालिका नेताओं की एकदिवसीय कार्यशाला: नेतृत्व विकास, बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा से मुकाबला और आत्मरक्षा पर केंद्रित रहा सत्र
गणादेश,खूंटी :लोक स्वर एवं गर्ल्स फर्स्ट फंड के संयुक्त तत्वावधान में कोंबटींग एण्ड रेस्पोंडिंग टू अर्ली चाइल्ड मेरिज परियोजना के अंतर्गत खूंटी प्रखंड की बालिका नेताओं के साथ एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला लोक स्वर मुख्य कार्यालय, धुर्वा, रांची में आयोजित की गई, जिसमें कुल 42 प्रतिभागियों ने भाग लिया।कार्यशाला की शुरुआत आत्म-परिचय सत्र और पिछले माह की कार्यशाला की समीक्षा से हुई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका नेताओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना, बाल विवाह एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों से मुकाबले के लिए उन्हें सशक्त बनाना और आत्मरक्षा के कौशल सिखाना था।इस परियोजना के अंतर्गत खूंटी प्रखंड के 10 गाँव—विशेष रूप से गुठजोरा और puddi पंचायत—को शामिल किया गया है, जहाँ हर माह इस तरह की कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की किशोरियों और युवा बालिकाओं में आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास हो सके।
कार्यक्रम में लोक स्वर की सचिव सुश्री शालिनी सम्वेदना, परियोजना समन्वयक सुश्री गुंजन बेड़िया, तथा फील्ड टीम सदस्य सुमन और सनेचरेया उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि एवं संसाधन व्यक्ति के रूप में श्री सूरज सिंह (झारखंड पुलिस विभाग), सुश्री अंबिका देवी (आचार्य प्रसांत संगठन), और श्री मनोहर कुमार (जन सरोकार संगठन) शामिल हुए।
इन विशेषज्ञों ने क्रमशः बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से निपटने के उपाय, आत्मरक्षा तकनीक, तथा किशोरियों के यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार (SRHR) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी सत्र लिए।
लोक स्वर की सचिव शालिनी सम्वेदना ने कहा, “यह कार्यशाला ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को सामाजिक मुद्दों पर नेतृत्व की भूमिका निभाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का अवसर प्रदान करती है।” परियोजना समन्वयक गुंजन बेड़िया ने बताया कि “हर माह आयोजित इन कार्यशालाओं का उद्देश्य समुदायों में परिवर्तन की आवाज़ को मजबूत करना और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने की दिशा में सामूहिक पहल को प्रोत्साहित करना है।”
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के सामूहिक संकल्प एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
— लोक स्वर मीडिया सेल, रांची



