पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

खूंटी : देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं अमर शहीद स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती बुधवार को जिले में बड़े ही श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए आदर्शों व नीतियों पर चलने का संकल्प लिया।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता थे। यदि वे नहीं होते तो आज देश तकनीकी रूप से इतना आगे नहीं बढ़ पाता। उन्होंने कंप्यूटर क्रांति और टेलीकॉम क्रांति की नींव रखी, जिससे आज भारत डिजिटल युग में मजबूती से खड़ा है। उन्होंने देश को ‘मुट्ठी में लेने’ की ताकत दी और युवाओं को नई सोच और ऊर्जा से जोड़ा। मिश्रा ने कहा कि देश की तरक्की और विकास की हर राह में राजीव गांधी का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेसजनों का कर्तव्य है कि वे राजीव गांधी के सपनों को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएँ और समाज के हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुँचाएँ। उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे तकनीक, शिक्षा और सेवा भावना के जरिए राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजीव गांधी को युवा नेतृत्व का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि महज 40 साल की उम्र में प्रधानमंत्री बनकर राजीव गांधी ने देश को नई दिशा दी। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर उन्होंने गाँवों तक लोकतंत्र की पहुंच सुनिश्चित की। उनका मानना था कि असली ताकत जनता के हाथों में होनी चाहिए, यही कारण है कि उन्होंने विकेंद्रीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

जयंती अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन दर्शन और उनकी दूरदृष्टि आज भी प्रासंगिक है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।

इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी, नईमुद्दीन खा, मुरहू प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार साहू, जेम्स तोपनो, पौल भेंगरा, जुनैद आन्सारी, बन्दू गझूं, सुशील पुर्ती, शांता खाखा, हेलेन तिडू, सुषमा भेंगरा, रितुराज झा, मगरीता खेस, अनीता नाग, सुसारी पुर्ती, सुन्दरमनी हंस, पीटर मुंडू, अलेक्शियूस भेंगरा, आदित्य गझूं समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में राजीव गांधी के सपनों को साकार करने और देश की निरंतर प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *