अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने खूँटी जिले का किया दौरा, विकास कार्यों व योजनाओं की समीक्षा
गणादेश,खूंटी : झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति ने सोमवार को खूँटी जिले का दौरा कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यह बैठक कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समिति के सदस्य-सह-विधायक राम सूर्या मुण्डा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत से पूर्व उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने समिति के सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में जिले में लंबित अनागत प्रश्नों के निष्पादन, विभागीय कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की गहन समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आपूर्ति विभाग को किसानों को एकमुश्त राशि भुगतान से संबंधित सरकारी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो। सिविल सर्जन से पोस्टमार्टम के पश्चात शव को ले जाने के लिए वाहनों की उपलब्धता की जानकारी ली गई और अतिरिक्त वाहनों के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया। साथ ही हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के संचालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
पंचायती राज विभाग के अंतर्गत किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। कल्याण विभाग के तहत अल्पसंख्यक विद्यालयों में साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति भुगतान तथा शिक्षा विभाग के अंतर्गत पोशाक वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए तय समय-सीमा में योजनाओं का लाभ छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में पदस्थापित राजस्व निरीक्षकों की संख्या एवं उनके कार्यों की जानकारी ली गई। भूमि की ऑनलाइन प्रविष्टि में त्रुटियों के शीघ्र निराकरण का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को खराब पड़े ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
ग्रामीण विकास एवं भूमि संरक्षण विभाग को आपसी समन्वय बनाकर सेमियालता की खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए। वन प्रमंडल को हाथियों द्वारा फसलों को हो रहे नुकसान को देखते हुए उनके लिए वैकल्पिक भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा विभाग के अंतर्गत जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत, शिक्षकों की उपस्थिति तथा पठन-पाठन व्यवस्था की समीक्षा की गई।
समिति ने अधिकारियों को जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्त हुई।



