अब हर सीआईएसएफ कर्मी का बच्चा बन सकेगा ‘विद्यार्थी वीर’, छात्रवृत्ति योजना का बढ़ा दायरा
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। सीआईएसएफ परिवार के बच्चों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब सिर्फ गिनती के डेढ़ सौ बच्चों तक नहीं, बल्कि हर उस बच्चे तक पहुंचगी छात्रवृत्ति की रोशनी जो मेहनत और लगन से पढ़ाई करता है।
क्या है नया बदलाव?
अब 80 से 90 प्रतिशत अंक लाने वाले बच्चों को मिलेंगे ₹20,000, और जो 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाएंगे, उन्हें दिए जाएंगे ₹25,000, वो भी महानिदेशक की योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत।
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में इस योजना के अंतर्गत ₹1.26 करोड़ की राशि वितरित की जा चुकी है।
सीआईएसएफ कहलगांव इकाई के सहायक कमांडेंट जी एल शुक्ला ने इस योजना के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि इससे न सिर्फ बच्चों में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, बल्कि उनके अंदर कुछ कर दिखाने का आत्मविश्वास भी जगेगा।
“मन” से मानसिक मज़बूती की ओर
सीआईएसएफ और आदित्य बिड़ला एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम “प्रोजेक्ट मन” की अवधि अब तीन वर्षों के लिए और बढ़ा दी गई है। इसका मकसद है।सीआईएसएफ कर्मियों और उनके परिवारों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर मदद लेना सिखाना, और भावनात्मक रूप से उन्हें सशक्त बनाना।
अब तक 75,000 से ज्यादा जवान और उनके परिवार इस पहल से लाभान्वित हो चुके हैं। दूर-दराज के संवेदनशील क्षेत्रों में भी सहायता पहुंचाना इस कार्यक्रम की एक खासियत है।
सुरक्षा की नई ज़िम्मेदारी
इस अवसर पर जी एल शुक्ला ने गर्व से यह भी बताया कि अब नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सीआईएसएफ को सौंपी गई है। इसके साथ ही, देश के 70 हवाई अड्डों की सुरक्षा अब सीआईएसएफ के कंधों पर है।
छात्रवृत्ति योजना अब सभी बच्चों के लिए
80-90% अंक पर ₹20,000, 90% से ऊपर पर ₹25,000,प्रोजेक्ट मन की अवधि 3 साल और बढ़ी।नोएडा एयरपोर्ट की सुरक्षा अब सीआईएसएफ के हवाले। सीआईएसएफ अब सिर्फ देश की सुरक्षा ही नहीं, अपने परिवारों के भविष्य को भी संवारने में जुटी है।



