अब हाथ में नहीं, कमर में पिस्टल: फिर ‘रॉबिनहुड’ अंदाज़ में दिखे भाजपा विधायक ललन कुमार

भागलपुर। चुनावी साल में पीरपैंती के भाजपा विधायक ललन कुमार एक बार फिर अपने ‘रॉबिनहुड’ वाले अंदाज़ को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने हाथ में राइफ़ल की जगह कमर में पिस्टल डाल रखी है, जो उनकी शर्ट से बाहर झांकती हुई साफ़ दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में विधायक जी इसी नए अंदाज़ में अपने क्षेत्र की जनता से मिलते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो कहलगांव प्रखंड के एकडारा पंचायत का है, जहां विधायक ललन कुमार के साथ पंचायत के पूर्व मुखिया मो. नबाब भी दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीण महिलाएं तालियां बजाते हुए स्वागत गीत गाकर उनका स्वागत करती नज़र आ रही हैं, वहीं पुरुष समर्थक पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन कर रहे हैं। महिलाओं की तालियों में ताल मिलाते हुए विधायक भी तालियां बजाते देखे जा रहे हैं।

खास बात यह है कि यह वीडियो स्वयं विधायक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया है। हालांकि, गणादेश इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

यह पहली बार नहीं है जब विधायक ललन कुमार अपने हथियारों के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं। हाल ही में एक स्कूल कार्यक्रम में उन्होंने हाथ में राइफ़ल झुलाते स्कूली बच्चों के बीच से गुजरते हुए एक तस्वीर साझा की थी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। उस वक्त भी उनकी तुलना ‘रॉबिनहुड’ से की गई थी, लेकिन अंदाज़ को लेकर जमकर भर्त्सना भी हुई थी। इस बाबत विधायक ने दो टूक कहा था अपनी सुरक्षा के लिए राइफ़ल लेकर चलना क्या गुनाह है। अब देखना यह है कि इस बार जनता उनके इस बदले हुए लेकिन पुराने तेवर वाले अंदाज़ को किस रूप में लेती है—छवि बनाने वाला कदम या दोहराई गई भूल?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *