भाजपा सांसद सुशील सिंह व पूर्व जदयू MLA डा. रणविजय को नक्सली धमकी

औरंगाबाद : भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह और गोह के पूर्व विधायक जदयू नेता डा. रणविजय कुमार सिंह के खिलाफ भाकपा माओवादी नक्सलियों ने गोह और बंदेया थाना क्षेत्र में कई जगहों पर पोस्टर चिपका है। पोस्टर जैतिया नहर, महरी गांव के पास सड़क निर्माण के बोर्ड, डिहुरी गांव के मोड़ पर चिपकाया गया है।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी के नाम से इस पोस्टर में सांसद को चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि जब तक वह अपने क्षेत्र में नहर नहीं लाएंगे तब तक उनके क्षेत्र भ्रमण पर प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश नहीं मानने पर माओवादियों के विरोध का सामना करना होगा। साथ ही पूर्व विधायक डा. रणविजय कुमार सिंह को आइईडी ब्लास्ट कर उड़ाने की धमकी दी गई है।
पोस्टर में लिखा गया है कि जिस तरह से पिसाय के सुशील पांडेय को उड़ाया गया है, उसी तरह अंजाम दिया जाएगा। जदयू कार्यालय को उड़ाने की बात पोस्टर में लिखी गई है। पोस्टर में लिखा गया है कि पूर्व विधायक की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। कभी भी विचार धारा बदली जा सकती है। जब इस पोस्टर के बारे में सांसद से संपर्क करना चाहा तो उनका मोबाइल बंद मिला। सांसद के भाई भाजपा नेता सुनील सिंह ने बताया कि पोस्टर के बारे में पता लगाया जा रहा है।
डरने वाले नहीं : रणविजय
पूर्व विधायक डा. रणविजय कुमार सिंह ने कहा कि नक्सलियों के इस पोस्टर से वह डरने वाले नहीं हैं। जब 1981 में नक्सलियों ने उन पर हमला किया था, कई राउंड फायरिंग की थी तब तब भी हम डरे नहीं थे। अब तक वे नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि हाल के महीनों में गोह क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधि कुछ बढ़ी है।
पोस्टर के बारे में एसपी और थानाध्यक्ष को जानकारी दी गई है। गोह थानाध्यक्ष कमलेश पासवान ने बताया कि जहां पोस्टर चिपकाने की सूचना मिली, वहां गए पर बरामद नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *