नेशनल पारा स्विमिंग चैंपियनशिप 11 नवंबर से गुवाहाटी में

रांची : पेरालिंपिक कमेटी ऑफ झारखंड की एक बैठक कमेटी के प्रांतीय उपाध्यक्ष विजय कुमार दत्ता की अध्यक्षता में स्टेट को-ऑर्डिनेटर कमल कुमार अग्रवाल के आवास कांके रोड में संपन्न हुई। इस बैठक में कमेटी के सीईओ सह पेरा स्विमिंग ईस्ट जोन के सचिव सुनील कुमार विश्वास, कमेटी के झारखंड स्टेट को-ऑर्डिनेटर कमल कुमार अग्रवाल, कमेटी के स्टेट मीडिया को-ऑर्डिनेटर संजय सर्राफ एवं मंजीत सिंह, विवेक राज भी मुख्य रूप से शामिल हुए।
बैठक में विजय कुमार दत्ता ने भावी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि
22 वीं नेशनल पेरा स्विमिंग चैंपियनशिप 2022 का आयोजन 11 से 13 नवंबर तक गुवाहाटी असम के डॉ जाकिर हुसैन कंपलेक्स में किया गया है। इस चैंपियनशिप में देश के 25 राज्यों से लगभग 1000 दिव्यांग खिलाड़ी भाग लेंगे। झारखंड से ट्रायल होकर चयनित 17 दिव्यांग स्विमिंग खिलाड़ी राष्ट्रीय स्विमिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 19 एवं 20 नवंबर को धनबाद में राज्यस्तरीय पारा स्पोर्ट्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 150 पारा एथलेटिक्स खिलाड़ी भाग लेंगे।बैठक में दोनों प्रतियोगिताओं में राज्य सरकार से पारा खिलाड़ियों को आर्थिक एवं अन्य पूर्ण सुविधाएं देना का आग्रह किया गया है। इस हेतु  पेरालिंपिक कमेटी ऑफ झारखंड का एक शिष्टमंडल झारखंड राज्य के खेल सचिव एवं निर्देशक से मुलाकात कर पूरे विषय वस्तु की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *