विधायक ललन कुमार का ‘रॉबिनहुड अंदाज़’ फिर चर्चा में, उद्घाटन कार्यक्रम में हथियार लहराते पहुंचे विधायक
भागलपुर। जिले के पीरपैंती विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ललन कुमार अपने चर्चित व अनोखे अंदाज़ के कारण अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। खासतौर पर जब वे स्वयं अपने अंदाज़ को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हैं, तो उनका ताज़ा रूप चर्चा का विषय बन जाता है।
ताज़ा मामला विधायक ललन कुमार के ‘रॉबिनहुड अंदाज़’ से जुड़ा है, जो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। पिछले चार-पांच दिनों से विधायक ललन कुमार अपने हाथ में लाइसेंसी राइफल लहराते हुए विभिन्न आयोजनों में पहुंच रहे हैं। उनके साथ सशस्त्र सरकारी बॉडीगार्ड भी रहते हैं। इतना ही नहीं, इस सफर में उनके एक मित्र (जो स्वयं भाजपा नेता हैं) भी हाथ में राइफल लिए साथ चलते नज़र आते हैं।
मामला उस समय और चर्चित हो गया जब विधायक गत मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के सलेमपुर सैनी में आयोजित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में राइफल लहराते हुए छात्रों के बीच से गुज़रते मंच पर पहुंचे और फीता काटकर उद्घाटन किया। एक दिन पूर्व भी विधायक ने भाजपा के एक विशेष कार्यक्रम में इसी अंदाज़ में उपस्थिति दर्ज कराई थी। वहां भी भाजपा कार्यकर्ता उनके इस रॉबिनहुड अंदाज़ को देखकर स्तब्ध रह गए।
पहली बार विधायक बने ललन कुमार शुरुआत से ही अपने चर्चित व कभी-कभार अजीबोगरीब अंदाज़ के कारण सुर्खियों में रहते आए हैं। कोरोना काल के में भी उनकी एक तस्वीर-जिसमें वे अपने सहयोगियों के साथ खेत में क्रिकेट खेलते नज़र आए-काफी वायरल हुई थी। तब लोगों ने तंज कसते हुए कहा था, “रोम जल रहा है और विधायक जी खेत में चैन की बंसी बजा रहे हैं।”
इसके अलावा, बहुजन समाज संगठन परिवार द्वारा गांगुली पार्क, कहलगांव में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती सह सांस्कृतिक कार्यक्रम में वे एक महिला लोक-नृत्य कलाकार के साथ ठुमके लगाते हुए भी देखे गए थे। पूर्व में भी विधायक कई बार अपनी वायरल तस्वीरों और वीडियो के कारण चर्चा में रहे हैं। जैसे –
दुर्गा मंदिर (कैरिया) परिसर में मेले के दौरान भाजपा महिला मोर्चा, नंदलालपुर मंडल की महामंत्री दिव्या सोरेन की मां ताला मोय मरांडी की नाश्ते की दुकान पर मुड़ी-घुघनी (भूजा) बेचते हुए,
सूप बनाते हुए,
दूध दुहते हुए,
राजमिस्त्री के साथ ईंट जोड़ते हुए,
सपेरे की बीन बजाते हुए,
मेले में फुटपाथ पर पत्नी को चूड़ी पहनाते हुए।
अब उनकी नई ‘रॉबिनहुड’ वाली तस्वीर खूब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिस तस्वीर को शेयर करते हुए लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और विधायक की खूब आलोचना हो रही है। उनके समर्थक इस अंदाज की तारीफ भी कर रहे हैं।
इस संबंध में विधायक ललन कुमार ने सफाई देते हुए कहा, “आत्मरक्षा के लिए राइफल लेकर चलना गलत नहीं है। मेरे पास पिस्टल भी है। नक्सलियों की धमकी के बाद सरकार ने मुझे आत्मरक्षा हेतु हथियार उपलब्ध कराए हैं। यह कोई गलत बात नहीं है। लोग क्या कहते हैं, इसकी मुझे परवाह नहीं।”



