चियांकी पहाड़ परिसर में मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने किया पौधारोपण

पलामू : राज्य के वित्त, वाणिज्यकर, खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि पौधारोपण से जिले को सुखा ग्रस्त होने से बचाया जा सकता है तथा पेड़ों से गर्मी में कमी भी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि घरों या परती पड़े ज़मीनों में अच्छे फलदार पौधे लगाने से भविष्य में अच्छी आमदनी हो सकती है। मंत्री श्री उरांव ने कहा कि कई मायनों में हमारा राज्य प्राकृतिक रूप से धनी है लेकिन विगत कुछ वर्षों से वन प्रतिशत में कमी आना हमारे लिये चिंता का विषय है। हम सबको अधिक से अधिक पेड़ लगाने की ओर ध्यान देना चाहिये। वे बुधवार को मेदनीनगर के चियांकी पहाड़ के परिसर में 74वां वन महोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। यह कार्यक्रम सामाजिक वानिकी प्रमंडल लातेहार की ओर से आयोजित किया गया था।
मंत्री श्री उरांव ने कहा कि पेड़ो की कटाई से प्राकृतिक संतुलन भी बिगड़ता है ‌। ऐसे में पेड़ों की अवैध कटाई को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके आवासीय परिसर में शीशम के पेड़ काटने को लेकर उन्होंने वन प्रमंडल पदाधिकारी से अनुमति लेने के पश्चात के पेड़ों की कटाई की थी। उन्होंने कहा कि जंगलों में बेतहाशा पेड़ों की अवैध कटाई को सामूहिक रूप से रोका जा सकता है। कहा कि आज जंगलों की संख्या जहां ज्यादा है वो देश उन्नति की ओर है । ऐसे में आप सभी अधिक से अधिक पेड़ लगाएं व उसकी देखभाल करें।
कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्वलन के बाद मंत्री श्री उरांव ने परिसर में पीपल का पौधा भी लगाया। मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला ने लोगों से एक दिन नहीं बल्कि प्रत्येक दिन को वन महोत्सव के रूप में मनाने की अपील की।उप विकास आयुक्त रवि आनंद ने भी पेड़ों की महत्ता के विषय पर प्रकाश डाला। इस दौरान चियांकी पहाड़ में कुल 500 से अधिक पौधे गैबियन के साथ लगाये गये । कार्यक्रम में उपरोक्त के अलावे लातेहार के सामाजिक वानिकी प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस रवि कुमार, गढ़वा के सामाजिक वानिकी प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी सीएन त्रिपाठी, सहायक वन संरक्षक आलोक सिन्हा, वन क्षेत्र पदाधिकारी संजीव कुमार, स्कूली बच्चे, वन कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *