कायस्थ मेधा सम्मान 2026 में झारखंड के मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
रांची: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, झारखंड द्वारा रविवार को धुर्वा स्थित पुरानी विधानसभा सभागार में ‘कायस्थ मेधा सम्मान 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना एवं भगवान चित्रगुप्त की आरती के साथ हुई। इस अवसर पर रागरंग संस्था की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने समारोह में उत्साह का संचार किया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद तथा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष सुबोधकांत सहाय ने मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के छात्र ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी समाज की है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सपनों, लक्ष्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। वहीं महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. सहाय ने विद्यार्थियों को ‘यशस्वी भव’ का आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं कॉलेजों की टीमों ने छात्रों को करियर काउंसिलिंग भी प्रदान की। समारोह में डॉ. एच.पी. नारायण, डॉ. राघव शरण, दयाशंकर वर्मा, मुकेश कुमार, विवेक अखौरी, राजेश शरण सहित महासभा के अनेक राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश सिन्हा एवं सुजीत कुमार ने किया।



