भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती की तैयारी को लेकर बैठक संपन्न
रांची : भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस को लेकर शनिवार को आरोग्य भवन बरियातू के सभागार में विशेष बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य स्तरीय मुख्य समारोह रामदयाल मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न जनजातियों की झांकियां, पारंपरिक वेशभूषा में सजे नर्तक-नर्तकियां ढोल, नगाड़ा और मांदर की थाप पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी। साथ ही मैदान के चारों ओर स्वतंत्रता सेनानियों के कट-आउट लगाए जाएंगे।
जनजाति गौरव दिवस के मुख्य अतिथि झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष गंगवार होंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में आयोजन समिति के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल के पास स्थापित प्रतिमा की स्थिति अत्यंत खराब है। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा और झारखंड प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष सोमा उरांव ने राज्य सरकार से अष्टधातु की नई प्रतिमा शीघ्र स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि “अबुआ सरकार में भगवान बिरसा मुंडा का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
बैठक में संयोजक जगलाल पहान, बबलू मुंडा, अशोक मुंडा, मुकेश मुंडा, आशीष मुंडा, नकुल तिर्की, प्रदीप लकड़ा, बिनाचंद उरांव, मुन्ना हेंब्रम, बुधराम बेदिया, पंचम भोक्ता, सुनील टोप्पो, हिंदुवा उरांव, कामेश्वर साहू और जनजाति सुरक्षा मंच के क्षेत्रीय संयोजक संदीप उरांव उपस्थित थे।



