जगन्नाथपुर रथ मेला की तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश

रांची: जगन्नाथपुर रथ मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला की तैयारियों से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा सहित जिला प्रशासन, पुलिस, मंदिर समिति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ मेला आस्था और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने रथ, पंडाल, मंच और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के लिए संबंधित सक्षम प्राधिकार से सुरक्षा एवं गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया।

बैठक में मेला परिसर और आसपास निर्बाध बिजली आपूर्ति, विद्युत सुरक्षा मानकों के पालन तथा वैकल्पिक जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त बैरिकेडिंग करने तथा महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए गए।

संभावित बारिश और वज्रपात को देखते हुए आपदा प्रबंधन की विशेष तैयारी, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा आपातकालीन कार्ययोजना तैयार रखने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि मेला संचालन के दौरान श्रद्धालुओं, दुकानदारों और आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने संभावित विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग, आवागमन और प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र, अग्निशमन वाहन, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, खोया-पाया केंद्र, नियंत्रण कक्ष, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने बताया कि 14 जुलाई की संध्या को मेला परिसर का निरीक्षण कर सभी तैयारियों का स्थल पर सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा समन्वित प्रयासों से जगन्नाथपुर रथ मेला का सफल एवं गरिमामय आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *