धनबाद की कई महिलाओं ने राज्यपाल और सीएम को दिया ज्ञापन, स्थानीय युवक पर शोषण, धमकी और ब्लैकमेलिंग करने का गंभीर आरोप
रांची : हीरापुर, मस्टरड पाड़ा और झा कॉलोनी की कई महिलाओं ने स्थानीय युवक आलोक कुमार द्वारा लगातार शोषण, धमकी और ब्लैकमेलिंग किए जाने के गंभीर आरोप लगाते हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री कार्यालय में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से उनका भय बढ़ गया है और सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।
शिकायत में उल्लेख है कि 13 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री कार्यालय को भी ज्ञापन दिया गया था, परंतु अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि आलोक कुमार महिलाओं के निजी वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग कर लगातार दबाव बना रहा है, जिससे वे सामाजिक बदनामी और सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं।
राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर आरोपी पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपों की सत्यता की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने, पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा उपलब्ध कराने और आवश्यक कानूनी संरक्षण प्रदान करने की अपील की गई है। महिलाओं ने यह भी कहा कि यदि आगे कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
राजभवन सचिवालय ने ज्ञापन की प्राप्ति की पुष्टि की है। महिलाओं को उम्मीद है कि राज्यपाल के हस्तक्षेप से जल्द कार्रवाई होगी। शिकायतकर्ताओं में मंदु देवी, गुड़िया देवी, रेखा देवी, ज्योति मांझी, उषा देवी और शकुंतला मांझी शामिल हैं।



