अहारी उप समिति की बैठक में कृषि विकास को लेकर कई अहम सुझाव
रांची : झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की अहारी उप समिति की बैठक गुरुवार को चैंबर भवन में चेयरमैन आनंद कोठारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार सहित कई सदस्य उपस्थित थे। बैठक में राज्य के समग्र कृषि विकास, किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर चर्चा हुई।
बैठक में कहा गया कि राज्य की कृषि बाजार समितियों में किसानों से सीधे खरीद-बिक्री की सुविधा नहीं है, जबकि इन समितियों का गठन किसानों के हित में किया गया था। समिति ने सरकार से आग्रह किया कि बाजार समितियों से अतिक्रमण हटाकर किसानों के लिए विश्रामगृह और कार्यालय की व्यवस्था की जाए। साथ ही एपीएमसी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने, कृषि निर्यात के लिए अपेडा कार्यालय खोलने और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की मांग की गई।
चेयरमैन आनंद कोठारी ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी सिंचाई व्यवस्था केवल 15 फीसदी क्षेत्रों तक सीमित है। उन्होंने सरकार से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने और किसानों से एमएसपी पर दिसंबर से धान खरीद शुरू करने की मांग की।
बैठक में यह भी कहा गया कि राज्य में दुग्ध उत्पादन कम है, इसलिए व्यावसायिक डेयरी फार्मिंग को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए सरकार को फिर से डेयरी प्रोत्साहन योजनाएं शुरू करनी चाहिए और बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत डेयरी प्रशिक्षण को सुदृढ़ करना चाहिए।



