हरमू में भव्य रूप से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती, मंत्री राधा कृष्ण किशोर बोले – वाल्मीकि के विचार आज भी मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत

रांची : अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा की ओर से मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती एवं प्रकट महोत्सव समारोह का आयोजन हरमू स्थित पटेल चौक के समीप भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मंत्री राधा कृष्ण किशोर, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, पूर्व विधायक समरी लाल, रिम्स निदेशक डॉ. राज कुमार राम, अभिनेत्री नेहा झा, साहित्यकार जयश्री, तथा भाजपा महिला मोर्चा की नेता सीमा सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मंच का संचालन अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के अध्यक्ष भगत वाल्मीकि ने किया।

अपने संबोधन में पूर्व विधायक समरी लाल ने कहा कि “शिक्षा ही समाज के उत्थान की असली कुंजी है। हमारे समाज के कई लोग शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़े हैं और समाज में नई दिशा दी है। शिक्षा से ही समानता और सम्मान का मार्ग प्रशस्त होता है।”

वहीं, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि ने 5000 वर्ष पूर्व ‘रामायण’ की रचना कर विश्व को मर्यादा, धर्म और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। वाल्मीकि समाज को कभी खुद को छोटा नहीं समझना चाहिए क्योंकि ज्ञान और कर्म के बल पर ही महर्षि वाल्मीकि ‘महर्षि’ बने।”

मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि वाल्मीकि जयंती मनाने का उद्देश्य समाज में सामाजिक चेतना, एकता और आत्मसम्मान का प्रसार करना है। उन्होंने कहा, “महर्षि वाल्मीकि केवल एक व्यक्ति नहीं, एक विचार हैं। उनके भीतर अल्लाह भी हैं, राम भी हैं और गुरु नानक भी हैं। उन्होंने जीवन के हर रूप में मानवता और शिक्षा का संदेश दिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *