हरमू चौक पर कचरे से गड्ढा भरने का विरोध, स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
रांची: हरमू कॉलोनी स्थित हरमू चौक पर झारखंड राज्य आवास बोर्ड द्वारा पूर्व में किए गए विकास कार्य के दौरान बने गड्ढे को रांची नगर निगम द्वारा झिड़ी डंपिंग यार्ड के कचरे से भरा जा रहा है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
पूर्व पार्षद अरुण कुमार झा ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से यह कार्य जारी है और अभी कई दिनों तक चलने की संभावना है। कचरा डालने के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है।
उन्होंने मांग की कि गड्ढे को कचरे के बजाय अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी से भरा जाए। यदि किसी कारणवश ऐसा संभव नहीं है तो नगर निगम क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराए, ताकि दुर्गंध और संभावित संक्रमण से लोगों को राहत मिल सके।
अरुण कुमार झा ने कहा कि निगम के इस कार्य से स्थानीय लोग काफी परेशान और दुखी हैं तथा प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।


