निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता अभियान का शुभारंभ
खूंटी : जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले में 10 जून से 25 जून तक चलने वाले निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश द्वारा किया गया।इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को नशामुक्त समाज के निर्माण तथा मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम हेतु शपथ भी दिलाई गई।जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 10 जून से 25 जून तक जिले के ग्राम, पंचायत, प्रखंड एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसके उन्मूलन के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी लोगों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों पर रोक लगाने एवं इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन पूर्णतः संकल्पित है तथा इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
काउंसलर द्वारा यह भी बताया गया कि नशीले पदार्थों की लत से प्रभावित व्यक्ति अथवा उनके परिजन आवश्यकता पड़ने पर सहायता एवं परामर्श के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से नशे से संबंधित समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर सहायता लेने की अपील की।
साथ ही उप विकास आयुक्त एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर अभियान के तहत हस्ताक्षर कर नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया तथा आमजन से भी इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।



