ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

खूंटी: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के निर्देश पर उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन, पूर्ण एवं लंबित योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंडों में लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। बिरसा हरित ग्राम योजना, टीसीबी, फार्म बॉन्ड, स्टेट हाउस एवं दीदी बाड़ी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। जियो टैगिंग कार्य में तेजी लाने और मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृत योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। पंचायतीराज विभाग के अंतर्गत टाइड एवं अनटाइड फंड के पारदर्शी उपयोग, पंचायत भवनों की मरम्मत, ज्ञान केंद्रों के बेहतर संचालन और पंचायत मेंटेनेंस फंड के जनहित में उपयोग पर बल दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना और अंबेडकर आवास योजना की समीक्षा करते हुए लंबित आवासों को शीघ्र पूरा कराने तथा लाभुकों को समय पर किस्त भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा जल संरक्षण एवं जल संचयन योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *