जमीन विवाद ने ली एक जान, दूसरी की रौशनी,भागलपुर में पारिवारिक झगड़े का खौफनाक अंजाम

भागलपुर। नए साल की सुबह भागलपुर के प्रेमनगर में एक घर के भीतर जो हुआ, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। जमीन को लेकर चल रहे लंबे विवाद ने पति-पत्नी के रिश्ते को इस कदर तोड़ दिया कि मामला हिंसा तक जा पहुंचा। पति ने पहले पत्नी पर तेजाब फेंका और फिर खुद उसे पी लिया। इलाज के दौरान पत्नी की एक आंख की रौशनी चली गई, जबकि पति की मौत हो गई।

पीड़िता पूनम देवी (40) एक आवासीय विद्यालय की संचालिका और प्रिंसिपल हैं। अपने ही घर से चलने वाले इस स्कूल में करीब 50 बच्चे पढ़ते हैं। घटना के बाद बच्चों को एहतियातन दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है।

परिजनों के अनुसार 31 दिसंबर की रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। घर में तनाव का माहौल था। 1 जनवरी की तड़के जब पूनम देवी बाथरूम गईं, तभी उन पर हमला हुआ। उन्हें तत्काल मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में पटना एम्स रेफर किया गया। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि उनकी एक आंख की रौशनी नहीं बच सकी।

सूचना मिलते ही जीरोमाइल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के भीतर पति दुलाल पोद्दार (45) का शव मिला। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि यह मामला हत्या के प्रयास के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है।

दिल्ली से लौटते वक्त लाई गई थी सामग्री?

जांच में सामने आया है कि दुलाल पोद्दार हाल ही में दिल्ली से लौटे थे। आशंका है कि घटना की योजना पहले से बनाई गई थी और वहीं से तेजाब लाया गया था। पुलिस ने मौके से तेजाब बरामद किया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

एसपी सिटी शुभांक मिश्रा के अनुसार पति-पत्नी के बीच जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर लंबे समय से विवाद था, जो इस दर्दनाक घटना की वजह बना।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि रिश्तों में बढ़ते तनाव और विवादों के खतरनाक परिणामों की चेतावनी भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *