पेड़ पर लटका मिला प्रेमी युगल का शव, क्षेत्र में सनसनी

मखन कुमार/बेतिया
बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पखनाहा डुमरिया पंचायत के वार्ड संख्या 7 के पास शीशम के पेड़ पर एक लड़का और लड़की का एक ही फंदे से लटका हुआ शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।सुबह में शौच करने के लिए निकले ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना बैरिया थाना को दी। मृत लड़की अंशु कुमारी डुमरिया निवासी हीरा प्रसाद की 17 वर्षीय पुत्री बताई जा रही है तथा मृत युवक राजेश प्रसाद का 22 वर्षीय पुत्र रवि किशन बताया जा रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची बैरिया पुलिस ने शव को पेड़ से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक लड़का रवि के पॉकेट से मिला सुसाइड नोट, दो मोबाइल व ब्लूटूथ एयर फोन
पुलिस ने जब शव को नीचे उतारा व लड़के का पॉकेट चेक किया तो उससे दो मोबाइल फोन, एक रियल मी कंपनी का एंड्राइड सेट तथा एक कारबन कंपनी का छोटा सेट मिला. साथ ही ब्लूटूथ वाला एयरफोन तथा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें लड़का लड़की ने शादी कर आत्महत्या करने की बात लिखा था. साथ ही दोनों को एक ही चिता पर फूंकने की भी बात लिखी गई है।
प्रेम प्रसंग का लगता है मामला
ग्रामीणों की मानें तो यह प्रेम प्रसंग का मामला है। ग्रामीणों का कहना है कि लड़की के घर के पास लड़के का खेत है और वह बराबर वहां आता जाता था। इधर दो-चार दिनों से उसी जगह पर देखा जा रहा था। वह अपने खेत में मिट्टी गिरा रहा था।

लड़का व लड़की पक्ष के लोगों ने एक दूसरे पर लगाया हत्या का आरोप
लड़के के चाचा रवि प्रसाद ने बताया कि लड़का रात में खाना खा कर लक्ष्मी महतो के घर आए बारातियों को देखने गया था। रात में करीब 1 बजे तक वह आर्केस्ट्रा देख रहा था। सुबह उन्हें खबर मिली की लड़के का शव एक लड़की के साथ पेड़ से लटका हुआ है। जिसके बाद वह लोग वहां गए तो पेड़ से लड़का और लड़की का शव लटका हुआ था। लड़के के चाचा ने बताया कि लड़का घर से हीरो होंडा का पैशन प्रो गाड़ी लेकर गया था जो लड़की वालों के दरवाजे पर है। इसे लगता है कि लड़की के घर वालों ने लड़की व लड़के की हत्या कर दी। वहीं लड़की के पिता ने बताया कि बीति रात करीब 12 बजे लड़की की भाभी ने आकर बताया की लड़की घर में नहीं है। लड़के के पिता ने अगल-बगल पता लगाने की कोशिश की लेकिन नहीं लगा। सुबह होने पर खबर मिली की उनकी लड़की का शव एक लड़के के शव के साथ पेड़ से लटका है। जिसे सुन वहां वे लोग पहुंचे और लड़के के साथ लड़की का शव को लटका हुआ देखा। लड़की के पिता का आरोप है कि लड़का पक्ष वालों ने ही दोनों की हत्या की है। वहीं लड़की पक्ष के लोगों ने कहा कि सुबह में लड़का के भाई ने मोटरसाइकिल उनके घर के सामने रोड पर लगा कर शव को देखने गए थे। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा की हत्या हुई है या आत्महत्या है. आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *