लालू उवाच, भक बुड़बक, तू लोग पार्टी को झारखंड में मजबूत करो

रांची। अरसे बाद ओरिजनल लालू स्टाइल देखना हो तो पलामू के सर्किट हाउस पहुंच जाइए। जहां सोमवार से लालू प्रसाद कैंप कर रहे हैं। वो आए तो हैं कोर्ट में हाजिरी देने लेकिन राजद के नए पुराने लोगों की भीड़ लालू दरबार में मुतमईन है। लालू सबसे मिल रहे हैं। जवान से लेकर बूढ़े तक। एक बूढ़ा पूछता है साहेब आप हमको भूल गए। अब तो आप पलामू आते ही नहीं हैं। लालू पलटकर देखते हैं और मुस्कुराकर कहते हैं भक बुड़बक हम कोनो को भूल सकते हैं। हरदम तुमरे बारे में पूछते हैं। अरे किडनी न गड़बड़ा गया है। और देख नहीं रहे हो भाजपा वाला क्या क्या कर रहा है। तब भी मिलने आए न सबसे। तू लोग मिलके पार्टी को मजबूत करो भई। पार्टी झारखंड में मजबूत होएगा तभी न हम आते जाते रहेंगे। मंगलवार को भी लालू से मिलने वालों का तांता लगा रहा। स‍र्किट हाउस में पूरी तरह से गहमागहमी रही। लालू से मिलने आए लोगों ने उनसे पैर छू कर आर्शीवाद भी लिया। लालू प्रसाद ने भी सभी ने गर्मजोशी से मिले और कुशलक्षेम भी पूछा। कई लोग लालू के लिए खाने-पीने की चीजें लेकर भी पहुंचे। हालांकि, लालू यादव अभी डायट पर हैं। वे बहुत ही नियंत्रित और सुपाच्‍य भोजन कर रहे हैं। दरअसल लालू प्रसाद झारखंड में संगठन को धार देने में लगे हैं। वे कार्यकर्ताओं में जोशभर रहे हैं। साथ ही संगठन विस्तार का टिप्स भी दे रहे हैं। वरीय नेताओ को आक्रमक होने की नसीहत देने में भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। लालू की पाठशाला में झारखंड के कैबिनेट मंत्री सहित कई वरीय नेता टिप्स भी ले रहे हैं। ग्रास रूट लेवल से पार्टी की मजबूती पर चर्चा भी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *