खूंटी की आशा कुमारी का झारखंड महिला कबड्डी टीम में चयन, तेलांगना में 72वीं सीनियर नेशनल महिला कबड्डी चैंपियनशिप में लेगी भाग

खूंटी : 72वीं सीनियर नेशनल महिला कबड्डी चैंपियनशिप 2025–26 का आयोजन तेलंगाना कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक गाचीबोली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, तेलंगाना में होगी। इस प्रतियोगिता में देशभर की शीर्ष महिला कबड्डी टीमें हिस्सा लेंगी।
इस चैंपियनशिप के लिए झारखंड महिला कबड्डी टीम का चयन कर लिया गया है, जिसमें खूंटी जिले की आशा कुमारी को झारखंड टीम का कोच नियुक्त किया गया है। आशा कुमारी की इस उपलब्धि से पूरे खूंटी जिले में हर्ष का माहौल है। यह पहली बार है जब खूंटी जिले की किसी महिला को राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड टीम की कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए खूंटी जिला कबड्डी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार कश्यप ने कहा कि यह खूंटी जिले के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि आशा कुमारी का राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना जिले में खेल प्रतिभाओं के निरंतर विकास और सकारात्मक खेल वातावरण को दर्शाता है।
विनय कुमार कश्यप ने आगे कहा कि खूंटी जिला कबड्डी संघ के कोचों और खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिले के खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि आशा कुमारी के मार्गदर्शन में झारखंड महिला कबड्डी टीम चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करेगी और राज्य का नाम रोशन करेगी। साथ ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *