कदाचार मुक्त और गाइड लाइन्स का अनुपालन कर हुआ जेएसएससी-सीजीएल का एग्जाम

प्रेस कान्फ्रेस कर डीसी लोकेश मिश्रा ने दी जानकारी

खूंटी: झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा झारखण्ड सामान्य स्नातक स्तर योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया गया। जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए जिनमें कदाचार मुक्त एवं स्वच्छ माहौल में परीक्षा के आयोजन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम एवं सभी गाईड लाइन्स का पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। परीक्षा सम्पन्न कराने के पश्चात उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उक्त जानकारी मीडिया संग साझा किया। उन्होंने कहा कि जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्रों में 57 मजिस्ट्रेट, 161 पुलिस कर्मी एवं 385 इन्विजिलेटर की प्रतिनियुक्ति की गई। कुल 4620 परीक्षार्थियों 2898 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
उपायुक्त ने बताया कि जिला कोषागार से दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी/फोर्स की निगरानी में परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न पत्र के बक्सों को ससमय भेजवाया गया। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सभी गाइडलाइंस का अनुपालन कराते हुए जिले में बने 14 परीक्षा केंद्रों पर पूरी चेकिंग के साथ कतारबद्ध तरीके से परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश कराया गया। परीक्षा तीन पालियों में सम्पन्न हुआ, प्रथम पाली-08.30 पूर्वा० से 10.30 पूर्वा तक, द्वितीय पाली-11.30 पूर्वा० से 01.30 अप० तक एवं तृतीय पाली-03.00 अप० से 05.00 अप० तक संचालित हुआ।
परीक्षा को लेकर बने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था समेत अन्य गाइड लाइन के अनुरूप व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के क्रम में परीक्षा केन्द्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए गए। गाइडलाइंस का पूर्णता अनुपालन के साथ-साथ सभी परीक्षार्थी शांतिपूर्ण, कदाचार मुक्त एवं स्वच्छ माहौल में परीक्षा देते दिखे। मौके पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों समेत अन्य संबंधित द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई गई। साथ हीं बताया गया कि झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा झारखण्ड सामान्य स्नातक स्तर योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा दिनांक 21 और 22 सितंबर को निर्धारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *