कोयले की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ झामुमो का विरोध, केंद्र से निर्णय वापस लेने की मांग

रांची : कोयले की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर कोयले के दाम बढ़ाने के फैसले को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा कीमतों में वृद्धि आम लोगों और राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।

झामुमो ने केंद्र सरकार से यह भी मांग की कि राज्य सरकारों को एक निश्चित मात्रा में कोयला उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय जरूरतों को पूरा किया जा सके। पार्टी का कहना है कि घरेलू उपयोग, खासकर खाना पकाने के लिए कोयला अभी भी सस्ता और सुलभ विकल्प है, ऐसे में इसकी कीमत बढ़ाना आम जनता के हित में नहीं है।

इसके साथ ही झामुमो ने देश में एलपीजी की कमी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। पार्टी ने आरोप लगाया कि गलत नीतियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने विदेशों में फंसे भारतीयों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में काम करने वाले कई भारतीय, खासकर मुस्लिम समुदाय के लोग, ईद के मौके पर भी अपने घर नहीं लौट पा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए केंद्र सरकार की विदेश नीति और प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया।

झामुमो ने केंद्र सरकार से इन सभी मुद्दों पर तुरंत हस्तक्षेप करने और आम जनता को राहत देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *