छात्रों पर लाठीचार्ज की राहुल गांधी ने की निंदा, शिक्षा मंत्री, गृहमंत्री और पीएम के इस्तीफे की मांग

रांची: नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठियां बरसा रही है।
राहुल गांधी ने कहा, “जब छात्र अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करते हैं, तो उन्हें जवाब देने के बजाय पीटा जाता है। यह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है।”
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह संकट में है। बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो जाए, तो छात्र निष्पक्ष तरीके से परीक्षा कैसे देंगे।
राहुल गांधी ने इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की। उनका कहना था कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और परीक्षा प्रणाली पर लोगों का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।
इस दौरान राहुल गांधी अस्पताल भी पहुंचे, जहां उन्होंने लाठीचार्ज में घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने घायलों को हरसंभव सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। कांग्रेस ने भी घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *