झामुमो ने दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन को झारखंड का राज्य पिता के रूप में अधिसूचित करने की सीएम हेमंत सोरेन से की मांग,सौंपा ज्ञापन

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के मुताबिक दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन को झारखंड का राज्य पिता के रूप में अधिसूचित करने की मांग किया है।
श्री पांडेय ने कहा है कि झारखंड राज्य के निर्माण के लिए दिशोम गुरु ने अपना बचपन खोया, जवानी खपा कर बुढ़ापा पाया । झारखण्ड निर्माण आंदोलन के दौरान उन्हें उपहास का विषय बनाया गया, कई प्रकार से प्रताड़ित किया गया। आंदोलन को दागदार बनाने के भी कई षड्यंत्र हुए। षडयंत्रकारियों ने जेल और हवालात की भी हवा उन्हें खिलाई। यातनाओं की पराकाष्ठा का भी उन्होंने दौर झेला और सहा। झारखण्ड राज्य का सपना उन्होंने देखा और राज्य निर्माण होने तक वो न थके और न ही रुके।
राज्य निर्माता दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन के निधन से पूरा राज्य मर्माहत है। हर झारखंडी अब तक शून्यता का ऐहसास कर रहा है। इस शून्यता को कभी भी भरा नहीं जा सकता, उनके जाने का दर्द जीवन के अंतिम सांस तक बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी में महात्मा गांधी के योगदान के प्रति जैसे राष्ट्र कृतज्ञ है, वैसे ही झारखण्ड के निर्माण के लिए दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के योगदान के प्रति राज्य कृतज्ञ है। राष्ट्र की कृतज्ञता के परिणाम स्वरुप महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता के रूप में अधिसूचित कर हर सरकारी कार्यालय में उनकी तस्वीर लगाना अनिवार्य किया गया। दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के प्रति भी वही कृतज्ञता झारखंड के जन-जन के मन में है। इस कृतज्ञता की निरंतरता को बनाये रखना हमारी जिम्मेदारी है ताकि आने वाली पीढ़ी भी उनके योगदान के प्रति कृतज्ञ है। मेरा आप से विनम्र आग्रह है कि राज्य निर्माता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को झारखण्ड के राज्य पिता के रूप में अधिसूचित करने की कृपा करें। राज्य सरकार के हर कार्यालय में उनकी तस्वीर लगाना भी अनिवार्य किया जाए ।
झारखण्ड के निर्माण में राज्य निर्माता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन के तप, तपस्या और बलिदान के हम सब साक्षी है। उनका क़र्ज़ हर झारखंडी पर है। हम उनका क़र्ज़ तो कभी उतार नहीं सकते। उन्हें राज्य पिता का दर्जा दे कर अपने कर्तव्य का निर्वहन जरूर कर सकते हैं। राज्य निर्माता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की विरासत और राज्य सरकार की बागडोर आपके मजबूत हाथों में है। आप से राज्य निर्माता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को राज्य पिता के तौर पर अधिसूचित करने का करबद्ध आग्रह है। राज्य निर्माता दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन ने झारखंड बनवाया आप झारखंड को संवारेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *