रांची में झारखंड हेपेटो-पैक्रियाटो-बिलियरी एवं एंडोस्कोपी समिट 2025 का आयोजन
रांची : झारखंड लिवर एंड किडनी फाउंडेशन और ऑकिड मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में 2एनडी झारखंड हेपेटो-पैक्रियाटो-बिलियरी एवं एंडोस्कोपी समिट 2025 का आयोजन 13 और 14 सितंबर को राजधानी रांची स्थित होटल रैडिसन ब्लू में किया जाएगा। यह सम्मेलन सोसाइटी ऑफ गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल एंडोस्कोपी ऑफ इंडिया (एसजेई) द्वारा अनुमोदित है और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने का लक्ष्य रखता है।
सम्मेलन की एक विशेष पहल के तहत ऑकिड मेडिकल सेंटर, रांची में 6 से 8 मरीजों का निःशुल्क एंडोस्कोपिक उपचार किया जाएगा। यह प्रयास न केवल चिकित्सा क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों को साझा करने का उदाहरण होगा, बल्कि समाज के प्रति संस्थानों की जिम्मेदारी को भी दर्शाएगा।
इस समिट में बिहार और झारखंड के करीब 500 चिकित्सक तथा देशभर से 30 से अधिक अग्रणी विशेषज्ञ भाग लेंगे। इनमें प्रो. एस.के. सारिन (आईएलबीएस, नई दिल्ली), प्रो. अनिल अरोड़ा (सिर गंगा राम अस्पताल, नई दिल्ली), प्रो. एस.पी. मिश्रा (प्रयागराज), प्रो. वी.के. दीक्षित (वाराणसी), प्रो. एस.के. सिन्हा (पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़), डॉ. जी.वी. राव (एआईजी हॉस्पिटल, हैदराबाद), डॉ. सौरभ जायसवाल (पटना) और डॉ. नूरव गोयल (नई दिल्ली) जैसे देश के दिग्गज विशेषज्ञ शामिल होंगे।
सम्मेलन का विशेष फोकस छात्रों और प्रशिक्षु चिकित्सकों के कौशल विकास पर होगा। इसके लिए एंडोस्कोपी और हेपेटो-बिलियरी विज्ञान की नवीनतम तकनीकों पर संरचित प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे आने वाली पीढ़ी के चिकित्सकों को आधुनिक तकनीकों का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी करेंगे। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इनकी उपस्थिति राज्य सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा प्रशिक्षण को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाएगी।
इस आयोजन का संचालन आयोजन सचिव डॉ. जयंती कुमार घोष कर रहे हैं। उनके प्रयासों से देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ और संस्थान इस सम्मेलन का हिस्सा बन रहे हैं। यह समिट राज्य में चिकित्सा विज्ञान और स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होने वाली है।



