झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय पहुंचे रांची,मीडिया से कहा-गठबंधन की सरकार पर कोई खतरा नहीं

रांची : झारखंड में बदलते राजनीतिक हालात का जायजा लेने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे रांची पहुंच गए हैं। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित कई कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं मीडिया से बात करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस का सदस्यता अभियान काफी बेहतर रहा है। संगठन मजबूती पर और भी जोर देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिला, प्रखंड और पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठन मजबूती पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। श्री पांडे ने कहा कि हमारी कोशिश है कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को जाने। वहीं सीएम हेमंत सोरेन को लीज माइंस मामले पर चुनाव आयोग द्वारा स्पष्टीकरण की बात पर कहा कि कानून अपना काम कर रही है, इस पर कुछ नहीं कहना है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार पर किसी तरह का खतरा नहीं है। श्री पांडे ने कहा कि भाजपा गैर भाजपा शासित प्रदेशों में सरकार को अस्थिर करना चाहती है। झारखंड में भी जनता के बीच भ्रम की स्थिति भाजपा ने फैलाया है। लेकिन भाजपा की यह कोशिश नाकाम साबित होगी। गठबंधन की सरकार पर किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। कांग्रेस गठबंधन सरकार के साथ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *