दावोस के लिए झारखण्ड चैम्बर अध्यक्ष एवं महासचिव रवाना, एयरपोर्ट पर हुआ उत्साहपूर्ण स्वागत

रांची: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक 2026, दावोस (स्विट्ज़रलैंड) में झारखण्ड राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भाग लेने के लिए फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा एवं महासचिव रोहित अग्रवाल आज बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रवाना हुए। इस अवसर पर एयरपोर्ट परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां चैम्बर के पदाधिकारियों व सदस्यों ने दोनों प्रतिनिधियों का भव्य स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी अपने पुत्र सोमवित माजी के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहीं। चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष धीरज तनेजा, किशोर मंत्री, कार्यकारिणी सदस्य, उप-समिति चेयरमैन सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे और दोनों पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि दावोस में झारखण्ड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि वे राज्य की औद्योगिक क्षमता, खनिज संसाधन, ग्रीन एनर्जी, रिन्यूएबल एनर्जी और निवेश की अपार संभावनाओं को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखेंगे। यह यात्रा झारखण्ड के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल में झारखण्ड चैम्बर की भागीदारी पूरे उद्योग जगत के लिए सम्मान की बात है। दावोस में वैश्विक निवेशकों और नीति-निर्माताओं से संवाद कर राज्य के लिए नए निवेश अवसर तलाशे जाएंगे।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि इससे झारखण्ड की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी और निवेश के नए द्वार खुलेंगे। सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में यह पहला अवसर है, जब झारखण्ड को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे मंच पर प्रभावी प्रतिनिधित्व मिल रहा है, जो राज्य के आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *