जयपाल सिंह मुंडा के वैचारिक सिद्धांत एवं साहसिक योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत: अर्जुन मुंडा

खूंटी : मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की 120 वीं जयंती पर उनके पैतृक गांव टकरा में मंगलवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अर्जून मुंडा ने स्व. जयपाल सिंह के समाधी स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने पश्चात् मुख्य पथ पर टकरा ग्राम के मोड़ पर अधिष्ठापित मारंग गोमके की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित हॉकी टूर्नामेंट का मंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया गया।
मौके पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एक महान विभूति थे। टकरा गांव में जन्मे स्व. जयपाल सिंह मुंडा ने अंतराष्ट्रीय स्तर पर अमिट छाप छोड़ा और संपूर्ण आदिवासियों का नेतृत्व किया था। उन्होंने जनजातीय समुदाय के जल, जंगल व जमीन तथा उनकी परंपरा एवं संस्कृति को अक्षुण्ण रखने हेतु अंतराष्ट्रीय क्षितिज पर आवाज बुलंद किया था।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्व जयपाल सिंह मुंडा पहले नेता थे जिन्होंने झारखंड अलग राज्य की परिकल्पना की थी। उन्होंने झारखंडी की संस्कृति, अस्मिता एवं पहचान को राजनीतिक धरातल पर उतारने का काम किया था। उन्होंने कहा कि मारंग गोमके ने राष्ट्रीय पटल पर स्वर्णिम अक्षरों में अपनी प्रतिभाओं को अंकित कराया, यह हमारे खूंटी जिले को गौरवान्वित करता है।
माननीय केंद्रीय मंत्री ने हॉकी टूर्ननामेंट में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद ग्रामीण युवाओं-युवतियों से मारंग गोमके स्व जयपाल सिंह के पदचिन्हों का अनुकरण करते हुए हॉकी, फुटबाल खेल एवं आर्चेरी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारने की अपील की।
मौके पर माननीय मंत्री ने कहा कि जिले में आवासीय विद्यालयों में हॉकी, फुटबाल एवं आर्चेरी एकाडमी की व्यवस्था कराई जाएगी।
मौके पर माननीय खूंटी विधायक श्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने मारंग गोमके के जीवन संघर्षों से सीख लेकर आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके बलिदान व साकारात्मक विचार हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा उपायुक्त श्री शशि रंजन, पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार, उप विकास आयुक्त श्री नीतीश कुमार सिंह, परियोजना निर्देशक, आईटीडीए श्री संजय कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनिकेत सचान, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री संजय कुमार भगत, मारंग गोमके के पुत्र जयंत जयपाल सिंह मुंडा सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।
समारोह के दौरान आयोजित बालक व बालिका वर्ग के हॉकी टूर्नामेंट में शामिल खिलाड़ियों के बीच जर्सी एवं हॉकी किट का वितरण कर प्रोत्साहित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *