इंटरनेट कनेक्टिविटी, जन शिकायत निवारण एवं डिजिटल सेवाओं की हुई समीक्षा
खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में डीईजीएस एवं मोबाइल टावर एंड कनेक्टिविटी कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी से जिले में इंटरनेट कनेक्टिविटी, भारत नेट, सीएससी केंद्रों के संचालन एवं डिजिटल सेवाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करते हुए विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने भारत नेट से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी हेल्थ सेंटर एवं सीएससी केंद्रों में बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने को कहा ताकि आमजनों को डिजिटल सेवाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।
उपायुक्त ने आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जन शिकायत पोर्टल विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकें तथा शिकायतों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में वैसे सीएससी केंद्र जो वर्तमान में क्रियाशील नहीं हैं, उन्हें शत-प्रतिशत क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी पंचायत भवनों में बेहतर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने एवं ज्ञान केंद्रों के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
उपायुक्त ने जन्म, मृत्यु समेत अन्य प्रमाण पत्रों के लिए प्राप्त आवेदनों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आमजनों की सुविधा के लिए आधार कार्ड एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने हेतु विशेष कैंप आयोजित करने को भी कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



