अंतर महाविद्यालय महिला वॉलीबॉल टूर्नामेंट, एसएम कॉलेज ने रचा नया इतिहास, रोमांचक फाइनल में शानदार जीत
भागलपुर। एसएम कॉलेज के परिसर में शुक्रवार का दिन पूरी तरह खेल भावना और जोश से सराबोर रहा। सरोज शंकर भगत ट्रॉफी के नाम से आयोजित अंतर महाविद्यालय महिला वॉलीबॉल टूर्नामेंट में मेजबान एसएम कॉलेज ने दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्ज़ा जमाया। फाइनल में टीम ने जीबी कॉलेज नवगछिया को सीधे सेटों में हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
टूर्नामेंट का शुभारंभ टीएमबीयू की डीएसडब्लू डॉ. अर्चना कुमारी साह, एसएम कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. निशा झा और विश्वविद्यालय क्रीड़ा सचिव डॉ. संजय जायसवाल ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया।
इस बार कुल छह महाविद्यालयों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से चार एसएम कॉलेज, जीबी कॉलेज नवगछिया, मारवाड़ी महाविद्यालय और मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। शम्भूगंज का एसएसपीएस कॉलेज और पीबीएस कॉलेज उपस्थित नहीं हो सके।
मुकाबलों का उतार-चढ़ाव
पहले राउंड में जीबी कॉलेज ने मदन अहिल्या महिला महाविद्यालय को 2-0 से आसानी से मात दी। वहीं दूसरे मुकाबले में मेजबान एसएम कॉलेज ने मारवाड़ी कॉलेज को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल में एसएम कॉलेज का परचम
भीड़ से खचाखच भरे मैदान में हुआ फाइनल मैच रोमांच से भरपूर रहा। एसएम कॉलेज ने बेहद सधे खेल का प्रदर्शन करते हुए जीबी कॉलेज नवगछिया को 25-08 और 25-17 से हराया और ट्रॉफी अपने नाम की।
यह टूर्नामेंट एसएम कॉलेज की वर्तमान प्राचार्या डॉ. निशा झा के कार्यकाल में आयोजित पहला बड़ा स्पोर्ट्स इवेंट रहा, जिसे लेकर कॉलेज परिवार में खास उत्साह देखा गया।
विजेता और उपविजेता टीमों को प्रिंसिपल डॉ. निशा झा ने ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। अंग्रेज़ी विभाग की शिक्षक डॉ. श्वेता सिंह ने पूरे कार्यक्रम की कमेंट्री संभाली, जबकि अतिथियों का स्वागत क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा प्रसाद ने किया। आयोजन में पीटीआई एस.के. सुधांशु की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम में डॉ. मुकेश कुमार सिंह, विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रहीं। सेलेक्टर के रूप में डॉ. रूचि श्री, नेशनल रेफरी नीलकमल राय, अजय राय, मुरारी सिंह, प्रदीप सिंह और हीरा कुमार उपस्थित थे।



