झारखंड के 48 नगर निकायों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी, रांची मेयर सीट पर रोशनी खलखो बढ़त में
रांची:झारखंड में संपन्न हुए 48 नगर निकाय चुनावों की मतगणना शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। राज्यभर के विभिन्न जिलों में प्रशासनिक निगरानी में मतों की गिनती जारी है। शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
राजधानी रांची में ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह से ही प्रत्याशियों एवं समर्थकों की भीड़ जुटी रही। रांची नगर निगम मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो शुरुआती रुझानों में 390 वोटों से आगे चल रही हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं। तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों के कारण मतगणना निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से शुरू हुई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बिना अधिकृत पास किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
रांची जिले में मतगणना के लिए कुल 79 टेबल लगाए गए हैं और पूरी प्रक्रिया 14 राउंड में पूरी की जाएगी। प्रत्येक राउंड के बाद आधिकारिक परिणामों की घोषणा की जाएगी।
अन्य निकायों में भी मतगणना निर्धारित चरणों में जारी है। मेदिनीनगर नगर निगम में 27 टेबल पर 5 राउंड, विश्रामपुर नगर परिषद में 13 टेबल पर 3 राउंड, हुसैनाबाद नगर पंचायत में 15 टेबल पर 2 राउंड, हरिहरगंज नगर पंचायत में 12 टेबल पर 2 राउंड तथा छतरपुर नगर पंचायत में 12 टेबल पर 2 राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात रखा गया है।



