भागलपुर – पटना में एक साथ SVU की दबिश,निदेशक गजाधर मंडल के ठिकानों पर गहन जांच
भागलपुर: मंगलवार की सुबह भागलपुर और पटना में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब विशेष निगरानी इकाई (SVU) की टीम ने एक साथ दो शहरों में छापेमारी शुरू की। मामला आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़ा है और जांच के केंद्र में हैं भवन निर्माण विभाग के निदेशक गजाधर मंडल। भागलपुर में SVU की टीम ने जीरोमाइल थाना क्षेत्र के ज्योति विहार कॉलोनी स्थित गंगोत्री अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या-302 में दबिश दी, जहां सुबह से ही तलाशी अभियान जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, SVU की सात सदस्यीय टीम पिछले चार घंटे से अधिक समय से फ्लैट के अंदर मौजूद रहकर हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। टीम ने घर में रखी अलमारियों, फाइलों, बैंक से संबंधित दस्तावेजों, निवेश से जुड़े कागजात और अन्य निजी अभिलेखों को खंगाला। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिन्हें जब्त कर आगे की जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। हालांकि, SVU की ओर से अब तक बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पटना से मिला था तलाशी का आदेश
जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की जा रही है। भागलपुर के आवास के साथ-साथ पटना में स्थित निदेशक गजाधर मंडल के कार्यालय में भी SVU की एक अलग टीम समानांतर रूप से जांच में जुटी हुई है। दोनों स्थानों से जुटाए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों का आपस में मिलान किया जाएगा, ताकि आय, संपत्ति और निवेश के बीच के अंतर की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।
SVU से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान संपत्ति के स्रोत, चल-अचल संपत्ति, बैंक लेनदेन और निवेश से जुड़े बिंदुओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए गंगोत्री अपार्टमेंट और आसपास के इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
फिलहाल, जांच प्रक्रिया जारी है और दस्तावेजों के विश्लेषण के बाद ही यह तय हो पाएगा कि निदेशक गजाधर मंडल के खिलाफ आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाएंगे। SVU की इस कार्रवाई पर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों की भी नजर बनी हुई है।



