खूंटी के 567 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप, पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने की पहल
खूंटी: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो जावेद हुसैन के नेतृत्व में जिले के सभी 567 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, सुनवाई की प्रक्रिया में सहायता प्राप्त करने अथवा मतदाता सूची में किसी प्रकार का सुधार कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
इसके लिए जिले में 567 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), 15 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और दो निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) उपलब्ध हैं। नागरिक अपनी समस्या या शिकायत संबंधित अधिकारी के समक्ष रख सकते हैं। इसके अतिरिक्त टोल फ्री नंबर 1950 और ECINET के ‘Book a Call with BLO’ विकल्प के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने और निर्वाचन प्रक्रिया में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।


