सुल्तानगंज में पहली सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों डाक कांवरियां हुए देवघर रवाना
सुल्तानगंज। श्रावणी मेले की पहली सोमवारी को लेकर रविवार को सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तरवाहिनी गंगा में लाखों डाक कांवरियों ने आस्था की डुबकी लगाई और गंगाजल भरकर ‘बोल बम’, ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हो गए।
श्रद्धालु डाक बम 105 किलोमीटर की दूरी 24 घंटे में पैदल तय करते हैं और देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जल अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करते हैं।
बढ़ती भीड़ और सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जगह-जगह पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और सैफ के जवानों की तैनाती की गई है।
नगर परिषद द्वारा गंगा घाट से लेकर शहर भर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कांवरियों को गंगा पार कराने के लिए नावों की सहायता ली जा रही है। वहीं, अंचल पदाधिकारी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम भी गंगा घाट पर मुस्तैद है।
प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे शांतिपूर्ण ढंग से अपने धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।



