सारंडा के तिरिलपोसी क्षेत्र में आईईडी विस्फोट, दो ग्रामीण घायल
मनोहरपुर:सारंडा क्षेत्र के तिरिलपोसी इलाके में मंगलवार को शाम लगभग 4 बजे नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से दो ग्रामीण घायल हो गए। घायलों की पहचान सलाई चेरवा एवं जयसिंह चेरवा के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारंडा के जंगलों में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर आईईडी बिछाए गए हैं, जिसकी चपेट में आम ग्रामीण भी आ रहे हैं।पुलिस प्रशासन द्वारा पहले ही ग्रामीणों को जंगलों में प्रवेश को लेकर सतर्क किया गया था और आईईडी से जान-माल के खतरे की चेतावनी दी गई थी।
इसके बावजूद, क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण अपनी आजीविका के लिए जंगलों पर निर्भर हैं।बताया जा रहा है कि दोनों घायल ग्रामीण जंगल में फूल तोड़ने गए थे। घटना स्थल तिरिलपोसी गांव से लगभग पांच किलोमीटर अंदर जंगल क्षेत्र में स्थित होने के कारण देर शाम तक घायलों को गांव नहीं लाया जा सका।
घटना के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। लगातार आईईडी की घटनाओं से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।


