मिशन 2024 फतह के लिए अमित शाह  कोल्हान से करेंगे चुनावी शंखनाद

रांची: मिशन 2024की तैयारी के लिए भाजपा एक्टिव मोड में आ गई है। झारखंड के कोल्हान से इसकी शुरुआत गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। चाईबासा के कॉलेज ग्राउंड में अमित शाह गरजेंगे। शुक्रवार शाम तक विशेष विमान से वह रांची पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम रांची के एक होटल में करेंगे। अगले दिन यानी शनिवार की सुबह वह चाईबासा के लिए रवाना होंगे। वहां वह आमसभा को संबोधित करेंगे। फिर पार्टी के पदाधिकारियों को लोकसभा में झारखंड की सभी सीटें जीतने का मंत्र देंगे। इसके लिए भाजपा कोर कमेटी की बैठक चाईबासा में ही रखी गयी है। बीजेपी के झारखंड राज्य प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी शनिवार की सुबह रांची पहुंचेंगे और अमित शाह की सभा में शामिल होने के लिए चाईबासा जाएंगे। वाजपेयी का पहले से जो कार्यक्रम तय था, उसमें उन्हें 7 जनवरी को चतरा जाना था। अब वे 8 जनवरी से चतरा के प्रवास पर रहेंगे।दरअसल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी चाईबासा सीट हार गयी थी। कांग्रेस की गीता कोड़ा ने यह सीट जीती थी। झारखंड की कुल 14 लोकसभा सीटों में भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टी आजसू ने 12 सीटें जीती थीं। राजमहल सीट जेएमएम और चाईबासा सीट कांग्रेस के खाते में चली गयी थी। बीजेपी ने इस बार हारी हुई सीटों पर ज्यादा फोकस करने की रणनीति बनायी है। इसी क्रम में अमित शाह की सभा सबसे पहले चाईबासा में हो रही है। उसके बाद संथाल परगना के राजमहल में ऐसी ही सभा करने की तैयारी है। भाजपा इस बार हारी हुई सीटों को जीत में बदलने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *