स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का अल्टीमेटम
रांची: राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों, डीएस और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। लगभग तीन घंटे चली इस बैठक में अस्पतालों की कार्यप्रणाली, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवा आपूर्ति, एंबुलेंस सेवा और मानसून के दौरान स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों के भीतर स्वास्थ्य सेवाओं में ठोस और स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान करने को कहा गया।
मंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी सदर और रेफरल अस्पतालों में चार-चार अतिरिक्त एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाएंगी, जो 108 सेवा से अलग होंगी। इसके साथ ही अस्पतालों को तकनीकी सुविधाएं और टैबलेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि मरीजों को समय पर सहायता मिल सके।
मानसून में डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए सभी अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, बेड, चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। सिविल सर्जनों को मुख्यालय में रहकर आपात स्थिति में उपलब्ध रहने का आदेश दिया गया है। बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



