स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण स्वच्छ रहना जरूरी , तुषार कांति शीट पौधा संरक्षण अभियान का शुभारंभ

रांची। स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण का स्वच्छ रहना जरूरी है। इसके लिए हमारे आसपास पेड़-पौधों की बहुलता भी आवश्यक है। पौधरोपण के बाद पौधों की समुचित देखभाल करना भी आवश्यक है।
उक्त बातें शहर के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता, पर्यावरणविद एवं श्रीरामकृष्ण सेवा संघ के सहायक सचिव तुषारकांति शीट ने कही। श्री शीट रविवार (18 सितंबर) को निवारणपुर स्थित बीएसवी विद्यालय परिसर व आदिम जाति सेवा मंडल प्रांगण में पौधा संरक्षण अभियान के मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
विदित हो कि विगत माह निवारणपुर स्थित आदिम जाति सेवा मंडल परिसर में भारतीय स्टेट बैंक व श्रीरामकृष्ण सेवा संघ के संयुक्त सौजन्य से पौधरोपण कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रकार के फलदार, छायादार व औषधीय पौधे लगाए गए थे।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की महत्ता को देखते हुए कई संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा पौधरोपण तो किया जाता है, लेकिन उसकी समुचित देखभाल नहीं की जाती है। इससे कई पौधे पुष्पित-पल्लवित नहीं हो पाते और नष्ट हो जाते हैं। इसलिए पौधे लगाने के बाद उसकी देखभाल के प्रति भी लोगों को सजग रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वृक्षों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण पर इसका बहुत बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इस पर भी ध्यान देने की जरूरत है। लोग अपने निजी आर्थिक लाभ के कारण हरे-भरे पौधों को भी काटने से बाज नहीं आ रहे हैं। इस पर सरकार को कड़ा रुख अख्तियार करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषित होने से प्राकृतिक आपदाएं लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीरता नहीं देखी जा रही है।
श्री शीट ने कहा कि वन हमारे जीवन के लिए आवश्यक हैं। पेड़-पौधे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं। वनों के कारण पर्यावरण सुरक्षित है। यदि पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई गई और इस तरह प्रदूषण बढ़ता गया तो कोई ठीक नहीं, यह पृथ्वी भी चंद्रमा और मंगल की तरह निर्जन ग्रह बनकर रह जाए। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता जरूरी है, तभी पर्यावरण सुरक्षित रहेगा। इस अवसर पर तन्मय मुखर्जी, विवेक राॅय, तनय शीट, आलोक मजुमदार सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *