भागलपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप, भाजपा नेता बबलू यादव पर हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। शहर के बरारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब टीएनबी लॉ कॉलेज गली में भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री और बार एसोसिएशन के सक्रिय सदस्य विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव पर खुलेआम हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान हमलावरों ने पहले उन्हें थप्पड़ मारा और फिर गोली चला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे बबलू यादव किसी निजी कार्य से टीएनबी लॉ कॉलेज गली स्थित एक दुकान पर पहुंचे थे। तभी अचानक सूरज तांती नामक युवक अपने 3-4 साथियों के साथ वहां पहुंचा। बताया जाता है कि दोनों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सूरज ने बबलू यादव को थप्पड़ मार दिया और फिर कमर से पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोग दुकानों के शटर गिराकर भागने लगे। गोली लगने से बबलू यादव घायल होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।
घटना स्थल पर मौजूद दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में हमलावरों को हथियार लहराते और भागते हुए साफ देखा जा सकता है। बरारी थाना पुलिस ने वीडियो फुटेज कब्जे में ले लिया है और आरोपियों की पहचान की पुष्टि कर ली है। बरारी थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला पुराने रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपित सूरज तांती और उसके साथी घटना के बाद फरार हैं। पुलिस की टीमों ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
भागलपुर के एसएसपी हृदयकांत ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने खुलेआम फायरिंग को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह का हमला यह दर्शाता है कि असामाजिक तत्वों के मन में कानून का डर खत्म हो गया है।

बबलू यादव भाजपा के संगठन से वर्षों से जुड़े रहे हैं और स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान एक सक्रिय नेता के रूप में रही है। हमले की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सूरज तांती और बबलू यादव के बीच पहले भी किसी संपत्ति या लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। जांच टीम अब उसी कोण से मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल घायल बबलू यादव मायागंज अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *